जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर डीएम मदन स्कूल के पास खाउ गली में पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह को गोली मारने की घटना का उदभेदन पुलिस ने कर दिया है. जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय ने संवाददाता सम्मेलन कर बताया कि इस घटना को अंजाम तीन लोगों ने दिया था. ये तीन लोग मुख्य शूटर थे जबकि कई लोग साजिश में शामिल थे, जिनके नाम उजागर हुए है. पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से गोलीकांड में इस्तेमाल में लाया गये सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और तीन जिंदा गोली कांड में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पकड़े गये अपराधी जमशेदपुर के ही है, जिसमें जमशेदपुर के बागबेड़ा वायरलेस मैदान बजरंग टेकरी होल्डिंग नंबर 102 निवासी बादल कुमार प्रसाद उर्फ काला, कीताडीह त्रिमूर्ति चौक के पास रहने वाले पवन कुमार और परसुडीह के गफ्फार बस्ती निवासी मोहम्मद वाजिद उर्फ हबलु शामिल है. इन तीनों से गुड्डू सिंह का कांट्रैक्ट किलिंग करायी जानी थी, लेकिन गोली जबड़े में फंस गयी और गुड्डू सिंह बच गये. गुड्डू सिंह पर गोली चालन की घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया गया. 2021 में गिरिराज सेना चलाने वाले कमलदेव गिरी की हत्या का बदला के रुप में यह फायरिंग की गयी. पुलिस इस घटना के साजिशकर्ता की तलाश कर रही है. पुलिस ने बताया कि उसका रेकी दिन भर किया गया था, जिसके बाद शाम को उसको गोली मारी गयी थी.



