जमशेदपुर : यंग इंडियंस, जमशेदपुर की ओर से यंग इंडियंस संसद का सिटी लेवल राउंड शनिवार को उत्साह के वातावरण में आरंभ हुआ. यह दो दिवसीय आयोजन युवाओं में नेतृत्व का गुण पुष्ट करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम में भारतीय संसद की कार्यप्रणाली का प्रभावशाली अनुकरण किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पहले दिन के आयोजन में जमशेदपुर के विभिन्न स्कूलों से आए 100 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान एक सुव्यवस्थित मॉक पार्लियामेंट सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता, स्पीकर और विभिन्न मंत्रालयों के प्रमुखों की भूमिका निभाई. उन्होंने राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की, विधेयक प्रस्तुत किए और संसदीय प्रक्रिया का पालन करते हुए भारतीय लोकतंत्र को व्यवहारिक रूप में समझा. (नीचे भी पढ़ें)
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने छात्रों को राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में शामिल अन्य विशिष्ट अतिथियों मे संस्था के पूर्व चेयर कृष्णा खरिया, वर्तमान चेयर कौशिक मोदी, को चेयर श्रुति झुनझुनवाला, थालिर यंग इंडियंस के चेयर हर्ष अग्रवाल एवं केपीएस बर्मामाइंस की निदेशक रचना नायर शामिल रहे. कार्यक्रम का संचालन बीजल मेहता और ऋषि अरोड़ा ने किया. (नीचे भी पढ़ें)
यंग इंडियंस, जो कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ) का एक अभिन्न अंग है, की यह अनूठी पहल युवाओं को लोकतंत्र की भावना से जोड़ने, नीति निर्माण की समझ विकसित करने और शासन प्रणाली की जिम्मेदारियों का अनुभवात्मक ज्ञान मुहैया कराने का सशक्त मंच है.



