जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर प्रधान कॉलोनी जोन नंबर 3इ स्थित एक्सेल इंडिया मॉडल स्कूल में शनिवार को पेपर बैग डे के अवसर पर विद्यार्थियों ने प्लास्टिक के खिलाफ जंग में अपनी भागीदारी दिखाते हुए विभिन्न प्रकार के रंगारंग और आकर्षक पेपर बैग बनाएं. इस अवसर पर शिक्षिकाओं ने बच्चों को प्लास्टिक से होनेवाले नुकसान और गंभीर पर्यावरणीय परिणाम के बारे में बताया. कार्यक्रम में स्कूल की प्रिंसिपल ममता कुमारी ने बताया कि हम जलवायु परिवर्तन तथा पर्यावरण के असंतुलन जैसे संकटों का सामना कर रहे हैं. प्लास्टिक की जगह कागज से निर्मित वस्तुओं के उपयोग से बदलाव लाया जा सकता है और यह प्रयास हर कोई कर सकता है. इस वर्ष का पेपर बैग दिवस का थीम अधिक टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बनने का है. कार्यक्रम में स्कूल के सभी बच्चे, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य सहकर्मी उपस्थित थे.



