जमशेदपुर: टाटा स्टील में ठेका मजदूरों से पीएफ का पैसा निकालने के नाम पर ठगी हुई है. आरोपी को पकडकर साकची पुलिस को सौंप दिया गया है. साकची पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. ठग का नाम आरएन सिंह बताया और वह टेल्को के आजादबस्ती का रहने वाला है. वह दिसंबर माह में ठगी के मामले में जेल गया था. कुछ दिनों पहले ही उसकी जमानत हुई. इधर,पीड़ित लोगों का कहना है कि वे लोग ठेका मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करते हैं. आरएन सिंह ने उन्हें कहा कि वह पीएफ का पैसा निकाल देगा. (नीचे भी पढ़े)
इसके लिए प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये भी लिए और कहा कि पीएफ के पैसे निकलने के बाद दो हजार और लगेंगे. उस पर भरोसा कर मई 2022 में सभी ने उसे दो हजार रुपये दिए. अब तक उसने 40 से ज्यादा लोगों से पैसे ले लिए हैं पर अब तक पीएफ का पैसा नहीं निकला है. अब पैसे वापस मांगने पर आना-कानी करता है. ठग ने फोन नंबर भी ब्लैक लिस्ट कर दिया है. आज सभी उसके घर पहुंचे और उसे पकड़कर थाना को सौंप दिया. इधर आरएन सिंह के मकान मालिक भी थाना पहुंचे और बताया कि आरएन सिंह ने बीते कई महीनों से घर का किराया भी नहीं दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.



