जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के नार्थ ले आउट के एक मकान से मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. उक्त शराब फैक्ट्री आयकर विभाग के पूर्व आला अधिकारी के आवास से पकड़ाया है. सोनारी पुलिस ने वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. वहां बड़े पैमाने पर शराब बनाने वाले सामान, स्टीकर समेत अन्य आपत्तिजनक सामान को जब्त किया है. बताया जाता है कि वहां नकली शराब की बोटलिंग की जाती थी और शराब बनाने का भी कारोबार वहां किया जाता था. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. बताया जाता है कि उक्त मकान के भीतर काम करने वाला एक कर्मचारी बीती रात पेट्रोलिंग गाड़ी के हत्थे चढ़ा. (नीचे भी पढ़ें)
वह उसी एरिया में दूसरे के मकान में चोरी करने के लिए घुसा था कि लोगों ने उसको पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने उससे पूछताछ की तो बताया कि वह उक्त मकान में काम करता है, जहां एक शराब की फैक्ट्री चल रही है. इसके बाद सोनारी पुलिस वहां पहुंची. सोनारी पुलिस ने तत्काल छानबीन की तो वहां अवैध शराब की फैक्ट्री पायी गयी. इसके बाद सामानों को जब्त किया गया और दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है. वे लोग कर्मचारी है. लेकिन उसके पीछे कोई और संचालक है. उक्त मकान आयकर विभाग के एक पूर्व अधिकारी का बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस अधिकारिक तौर पर कुछ कहने से बच रही है.



