
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने सूदखोरी एवं रंगदारी के आरोप में हरजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. चिंटू सिंह के पास से हार्ले डेविडसन बाइक, एमजी हेक्टर, अल्टरोज 4, बिना नंबर का फॉर्च्यूनर कार, चिंटू सिंह का आईफोन और अलग- अलग बैंकों के साइन किए हुए करीब 1 दर्जन से भी ज्यादा चेक बुक बरामद किए है. चिंटू सिंह के खिलाफ जुगसलाई थाना अंतर्गत चौक बाजार निवासी अर्जुन शर्मा ने ब्याज पर दिए गए 1500000 रुपए वापस देने के एवज में जान से मारने की धमकी देने तथा रंगदारी मांगने का आरोप जुगसलाई थाने में दर्ज कराया था. इस संबंध में जानकारी देते हुए जुगसलाई थाना प्रभारी ने बताया कि कांड के अनुसंधान के क्रम में प्राथमिकी अभियुक्त हरजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह को पूछताछ हेतु कोलकाता से जुगसलाई थाना लाया गया. पूछताछ करने पर चिंटू सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया जिसके उपरांत चिंटू सिंह को विधिवत गिरफ्तार किया गया. चिंटू की निशानदेही पर उपरोक्त अंकित गाड़ियां तथा अर्जुन शर्मा, राजकुमार गिरी, बादल तपाड़िया और राजेश कुमार के नाम से साइन किया हुआ चेक को उसके घर सोनारी से बरामद किया गया है. चिंटू ने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल कर लिया जिसे पुलिस न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.




