चाकुलिया: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती ने शून्यकाल में पारा शिक्षकों के समस्याओं को उठाते हुए उन्हें वेतनमान देने की मांग की है. विधायक श्री मोहंती ने कहा कि पारा शिक्षक राज्य की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और ग्रामीण इलाकों में बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. (नीचे भी पढ़े)
इसके बावजूद, उन्हें नियमित शिक्षकों की तुलना में कम वेतन और सुविधाएं मिल रही हैं.उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बिहार सरकार ने हाल ही में अपने शिक्षकों को ग्रेड पे और वेतनमान प्रदान किया है, जिससे वहां के पारा शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है. विधायक ने सदन में आसन के माध्यम से सरकार से आग्रह किया कि झारखंड सरकार भी पारा शिक्षकों के कार्य और योगदान को ध्यान में रखते हुए उन्हें नियमित शिक्षकों की तरह कम-से-कम न्यूनतम ग्रेड-पे दें.



