
जमशेदपुर : भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की जिला कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को हुई. भालुबासा स्थित आशीष किशोर संघ में मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजीत कालिंदी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं चंदनकियारी के विधायक अमर बाउरी, जिलाध्यक्ष गुंजन यादव एवं मोर्चा के जिला प्रभारी ध्रुव कुमार रजक मुख्यरूप से शामिल हुए. बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया गया, जिसे अनुसूचित जाति मोर्चा जमशेदपुर महानगर ने पूर्ण रूप से समर्थन कर पारित किया. इससे पहले, अतिथियों ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर एवं अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर बैठक की शुरुआत की. बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने राज्य में दुष्कर्म और हत्या की बढ़ती घटनाओं की निंदा की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सोच युवा और दलित विरोधी है. दलित के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने वाली पार्टियों ने केवल अपनी मतपेटी भरने का काम किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने सभी वर्गों का समान रूप से ख्याल रखा है. केन्द्र सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में दलित सांसदों को स्थान देने पर कुछ विपक्षी दलों के पेट में दर्द हो रहा है. उन्हें अपना अस्तित्व खोने का डर सताने लगा है. उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे दलित समाज एवं गरीब जनता तक पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दें और लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य करें. (नीचे भी पढ़ें)

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह चंदनकियारी के विद्यायक अमर बाउरी ने मोर्चा के कार्यों एवं प्रयासों की जानकारी ली. उन्होंने पिछले दिनों एमजीएम अस्पताल में अनुसूचित समाज के जच्चा-बच्चा की लापरवाही से हुई मौत को दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने राज्य सरकार पर कई तीखे हमले किये. उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा 7 वर्षों के कार्यकाल से अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के घरों में शौचालय, उज्जवला योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर व चूल्हा, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख तक के मुफ्त इलाज, जनधन खाते के अंतर्गत सीधे खाते में राशि मुहैया कराने, गरीब परिवारों को कोरोना संकटकाल में प्रति व्यक्ति 5 किलो की दर से नि:शुल्क अन्न, पीएम किसान सम्मान निधि, अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति में 5 गुना वृद्धि किए जाने व मंत्रिमंडल के विस्तार में समाज के 12 सांसदों को स्थान देने की प्रशंसा की. उन्होंने मोर्चा के कार्यकर्ताओं से दलित समाज के लोगों को जोड़ने और संगठन मजबूती का आह्वान किया. बैठक के दौरान मंच संचालन जिला महामंत्री परमकांत कारवां एवं धन्यवाद ज्ञापन सीतारामडेरा मंडल के मोर्चा अध्यक्ष विकास बाउरी ने क़िया. बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बिमल बैठा, नवल पासवान, पोरेश मुखी, ओम प्रकाश रजक, इंदु बाला स्वांसी, मधु मुखी, महामंत्री शंभु रजक, उपाध्यक्ष राकेश मुखी, दिलीप पासवान, अजय रजक, मनोज कारवां, मंत्री सतीश मुखी, सजल साल, चंद्रशेखर दास, राजकुमार पासवान, आई टी सेल प्रभारी अर्जुन रजक, सोशल मीडिया प्रभारी चंदन भारती समेत मोर्चा के मंडल अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.





