
जमशेदपुर : जमशेदपुर में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) शंभू सिंह के बेटे के खाते से 72 हजार रुपये उड़ा लिये. उनका बेटा साहेबगंज के जीरवा बाड़ी ओपी क्षेत्र के आजादनगर स्थित फायर ब्रिगेड गली में रहता है. साहेबगंज निवासी शंभू सिंह वर्तमान में जमशेदपुर में पदस्थापित है. चंदन के व्हाट्सएप पर क्रेडिट कार्ड बंद होने का मैसेज आया और उसके खाते से 72 हजार रुपये कट गया. इस संबंध में साहेबगंज के बोरियो थाना में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. दर्ज प्राथमिकी में चंदन ने बताया है कि 13 अप्रैल को दोपहर लगभग 12 बजकर 41 मिनट पर उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने वाट्सएप मैसेज भेजा. इसमें लिखा था कि आपके क्रेडिट कार्ड में से 10000 रुपये काट लिए जाएंगे. अगर इस नुकसान से बचना है तो लिंक पर क्लिक कर अपना क्रेडिट कार्ड अपडेट कर लें. लिंक खोलने पर तीन चार ऑप्शन खुला. इसमें क्रेडिट कार्ड को अपडेट करने का लिंक था. लिंक पर अपना पर्सनल डिटेल एवं क्रेडिट कार्ड का डिटेल देने के बाद लगभग 1:00 बजे मोबाइल पर उनके एकाउंट से 72995 रुपये निकालने का मैसेज आया. तत्काल साहेबगंज स्थित एक्सिस बैंक गए और वहां के ब्रांच के पदाधिकारियों से मिलकर सारी बात बताई, लेकिन उन्होंने किसी भी तरह का कोई लिंक भेजने और क्रेडिट कार्ड अपडेट करने की बात से इनकार किया. इसके बाद चंदन सिंह ने मामला दर्ज कराया.





