मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल मेदिनीनगर (एमएमसीएच) में तैनात बालाजी कंपनी के सभी सफाई कर्मियों गुरुवार को वेतन कम मिलने पर बालाजी कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. अस्पताल में तैनात सफाई कर्मियों का कहना था कि इस बार सभी कर्मचारियों का वेतन बालाजी कंपनी द्वारा काटकर भेजा गया है. इसका हम सभी स्टाफ विरोध करते हैं, वही बालाजी सफाई कर्मियों ने लगभग तीन घंटे तक अपने काम को ठप कर दिया, जिसके कारण अस्पताल की विधि-व्यवस्था चरमरा गयी थी. मामले की गंभीरता को समझते हुए अस्पताल अधीक्षक द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद सभी हड़ताली कर्मचारी अपने काम पर वापस लौटे. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी तरफ मौके पर उपस्थित पाटन पश्चिमी जिला परिषद सदस्य संग्राम सिंह ने कहा कि बालाजी कंपनी सभी जगह पर तैनात अपने कर्मचारियों को ठगने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि बालाजी कंपनी के द्वारा जितना भी स्टाफ मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में काम करते हैं. वह अपने मेहनत और ईमानदारी का पैसा लेते हैं. इसके बाद भी बालाजी कंपनी के द्वारा कार्यरत कर्मचारियों का वेतन काटकर देना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि इन लोगों का पूरा पैसा बालाजी कंपनी द्वारा नहीं दिया जाता है तो आगे की रणनीति तय की जाएगी, वहीं अस्पताल में तैनात बालाजी कंपनी के सभी कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि बालाजी के सुपरवाइजर जो यहां पर लोगों से काम करवाते हैं. वह लोगों को डराने-धमकाने का काम करते हैं. कहते हैं कि यदि तुम किसी से शिकायत करोगे तो तुम्हारा वेतन काट दिया जाएगा और तुम्हें नौकरी से हटा दिया जाएगा. इस बात से भी सभी कर्मचारी डरे सहमे से रहते हैं और प्रबंधन के दबाव में काम करते हैं.



