सरायकेला: सरायकेला जिला समाहरणालय के सभागार में गुरुवार को उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला की पहल पर पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त ने जिले के सभी कस्तूरबा विद्यालय और जेबीएवी विद्यालय की छात्राओं के शैक्षणिक ज्ञान में और अधिक वृद्धि करने को लेकर 62 प्रकार के पुस्तकों का वितरण किया. उपायुक्त ने कहा कि इंसान में शैक्षणिक ज्ञान का होना आवश्यक होता है और इसके लिए अच्छी पुस्तकों का होना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि पुस्तकों के माध्यम से मानव के ज्ञान में वृद्धि होती है. उन्होंने कहा कि सीएसआर के तहत बच्चियों को अंग्रेजी साहित्य की 62 प्रकार की पुस्तकों का वितरण किया गया है. इससे बच्चियों को साहित्य से जुड़ने में सहायता प्राप्त होगी. उन्होंने कहा कि हिंदी साहित्य की पुस्तकों के लिए भी ऑर्डर दे दिया गया है, बहुत जल्द हिंदी साहित्य की पुस्तकें भी उपलब्ध करा दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने कहा कि अंग्रेजी साहित्य की पुस्तक पाकर बच्चियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. इससे बच्चियों की ज्ञान में बढ़ोत्तरी होगी और उनका व्यक्तित्व निर्माण संभव हो पाएगा. मौके पर उपस्थित जिला शिक्षा अधीक्षक सह प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने कहा कि उपायुक्त द्वारा जिले के 8 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय और 1 जेबीएवी विद्यालय की छात्राओं के लिए अंग्रेजी साहित्य की बेहतरीन पुस्तकें प्रदान की जा रही है, इससे वहां पढ़ने वाली सभी बच्चियां लाभान्वित होगी. डीएसई ने उपायुक्त के इस पहल पर अपना आभार व्यक्त किया है. पुस्तक वितरण कार्यक्रम में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति का भी योगदान रहा. वहीं पुस्तक पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे. छात्राओं ने बताया कि इसका वे भरपूर लाभ उठाएंगी. मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, कस्तूरबा गांधी विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिका और बच्चियों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.



