रांची : महामहिम राज्यपाल ने राज्य में इंटरमीडिएट की शिक्षा को लेकर विगत लगभग दो महीने से चली आ रही उहापोह की स्थिति को खत्म करने के उद्देश्य से आज एक तर्कसंगत राह निकाली है. राज्यपाल ने ग्यारहवीं पास कर बारहवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को अपने वर्तमान संस्थान में ही अध्ययन जारी रखने की अनुमति प्रदान कर दी है. हालांकि महामहिम ने डिग्री कॉलेजों में नये सत्र के लिए नामांकन नहीं करने का निर्णय बरकरार रखा है. महामहिम राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी के हस्ताक्षर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
ध्यान रहे कि नई शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन के क्रम में राज्यपाल की ओर से राज्य के डिग्री कॉलेजों में इस वर्ष से इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद करने का निर्देश जारी किया था, जिसके कारण सभी डिग्री कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद हो गई थी. इस क्रम में ग्यारहवीं कक्षा पास कर बारहवीं कक्षा में अध्यय़न कर रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई बीच में ही रुक गई थी. उन्हे आसपास के +2 स्कूलों में स्थानांतरित करने का निर्देश जारी हुआ था, किन्तु उस पर अमल नहीं हो पाया था. उधर भविष्य अधर में लटकता देख बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी आंदोलित हो रहे थे. उनकी मांग थी कि उन्हें अपनी शेष पढ़ाई संबंधित संस्थानों से ही पूरी करने दी जाय. (नीचे भी पढ़ें)
महामहिम राज्यपाल ने उनकी समस्या का समाधान करते हुए आज सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों के लिए उनके संबंधित संस्थानों से ही कक्षाएं जारी रखने की सशर्त अनुमति प्रदान कर दी है. इस संबंध में महामहिम राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ग्यारहवीं कक्षा पास कर चुके विद्यार्थी बारहवीं कक्षा का पाठ्यक्रम अपने संबंधित संस्थान में ही पूरा करेंगे. हालांकि ग्यारहवीं कक्षा में अनुत्तीर्ण रहे विद्यार्थियों को अन्य संस्थानों से ही ग्यारहवीं एवं बारहवीं का पाठ्यक्रम पूरा करना होगा. वहीं, अधिसूचना के अनुसार नये सत्र में किसी भी डिग्री कॉलेज में ग्यारहवीं की कक्षाएं संचालित नहीं होंगी. अधिसूचना में ऐसा करते पाये जाने पर संबंधित कॉलेज के प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.














