
चाईबासा : भारतीय रेलवे में यूनियन चुनाव को लेकर सुगबुगाहट तेज़ हो गई है. बोर्ड ने रेलवे यूनियन चुनाव कराने पर सहमति दे दी है. रेलवे ने कर्मचारी संगठनों की मान्यता के लिए होनेवाले चुनाव के लिए मतदाता सूची ज़ारी करने का निर्देश दिया है. सम्भव है कि इस साल के दिसम्बर महीने में ही यूनियन का चुनाव करा दिया जाये. इसके संबंध में रेलवे 5 नवम्बर को अंतिम सूची जारी कर चुनाव कराने की तैयारी में है। इसको लेकर रेलवे ने ज़रूरी तैयारियां शुरू कर दी है, जिससे विभिन्न मान्यता प्राप्त रेल संगठनों ने भी कर्मचारियों से संपर्क अभियान तेज़ कर दिया है. इस चुनाव को लेकर दक्षिण पूर्व मेंस कांग्रेस डंगुवापोसी शाखा के सचिव सुभाष मजूमदार ने डंगुवापोसी के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से मुलाक़ात की और उनको आगामी यूनियन चुनाव के लिए तैयार होने को कहा। उन्होंने उन्हें यह आश्वासन भी दिया कि संगठन हर बार पहले से भी अधिक मज़बूती से उनकी बातें पटल पर उठायेगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सार्थक प्रयास करने की दिशा में आवश्यक कदम उठायेगा.















