मुंबई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर मुंबई में आयोजित मुंबई व्याख्यानमाला के दूसरे दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने संघ प्रमुख के पोस्ट को लेकर अपनी राय रखी. जाति के सवाल पर भागवत ने कहा कि संघ में किसी भी जाति का व्यक्ति सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है. संघ के एक्स हैडल से इस संबंध में पोस्ट किया गया. पोस्ट में लिखा गया कि मोहन भागवत ने कहा है कि संघ का सरसंघचालक कोई ब्राह्मण नहीं बन सकता, कोई क्षत्रिय नहीं बन सकता, कोई अन्य जाति का नहीं बन सकता, हां जो कोई भी बनेगा वह हिन्दू ही होगा.मोहन भागवत ने कहा कि अगर संघ उन्हें पद से हटने के लिए कहेगा तो वह इस्तीफा दे देंगे. संगठन ने ही उनसे उनकी उम्र के बावजूद काम जारी रखने के लिए कहा है. भागवत ने कहा कि आरएसएस प्रमुख के पद के लिए कोई चुनाव नहीं होता. क्षेत्रीय और मंडल प्रमुख ही संघ प्रमुख की नियुक्ति करते हैं. (नीचे भी पढ़े)
आम तौर पर कहा जाता है कि 75 वर्ष की आयु के बाद किसी को कोई पद धारण किए बिना काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस पद के लिए ब्राह्मण होना कोई अनिवार्य शर्त नहीं है. भागवत ने स्पष्ट किया कि ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य या शूद्र- किसी भी जाति का व्यक्ति सरसंघचालक बन सकता है. उन्होंने कहा कि संघ में पद किसी की जाति देखकर नहीं दिए जाते, बल्कि कार्य और समर्पण को प्राथमिकता दी जाती है. उन्होंने यह भी कहा कि एससी-एसटी समुदाय से आने वाला व्यक्ति भी इस सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है. ब्राह्मण होना योग्यता नहीं और एससी-एसटी होना अयोग्यता नहीं, उन्होंने कहा.संघ प्रमुख ने कहा कि शुरुआती दौर में संघ का काम एक छोटे क्षेत्र से शुरू हुआ था, जो ब्राह्मण बहुल इलाका था. इसी कारण उस समय अधिकतर पदाधिकारी ब्राह्मण समुदाय से थे और लोगों में यह धारणा बनी कि संघ सिर्फ ब्राह्मणों का संगठन है. हालांकि, उन्होंने कहा कि अब संघ का दायरा काफी व्यापक हो चुका है. संगठन का विस्तार जाति के आधार पर नहीं, बल्कि भौगोलिक क्षेत्रों में किया जाता है. शहरों की बस्तियों और गांवों के मंडलों तक संघ की गतिविधियां पहुंचाई जाती हैं, जिससे विभिन्न समुदायों के लोग जुड़ते हैं. भागवत ने कहा कि आज अखिल भारतीय स्तर पर संघ में सभी जातियों के लोग सक्रिय भूमिका में हैं.


















