सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत सीनी मोड़ के समीप एक ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गयी. आग लगने के बाद स्थानीय दुकानदारों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गयी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया. घटना मंगलवार की रात करीब 1 बजे की है. घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार सीनी मोड़ के समीप सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान कांड्रा की ओर जा रहे एक ट्रक ने खड़े ट्रक के पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर होने के तुरंत बाद खड़ा ट्रक का चालक ट्रक लेकर फरार हो गया. वहीं टक्कर मारने वाले ट्रक में आग लग गयी. आग लगते ही ट्रक का चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने अग्निशमन विभाग की गाड़ी को बुलाकर आग पर काबू पाया. ट्रक में चावल लदा हुआ था. आग लगने से चावल के कुछ बोरे जल गए बाकी को सुरक्षित बचा लिया गया है.














