
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के तिरुलडीह थाना क्षेत्र के गुंदलीडीह गांव में स्थित एक कुआं में शनिवार की रात करीब 9 बजे एक 25 वर्षीय युवक का शव तिरुलडीह पुलिस ने बरामद किया. शव की पहचान तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कूदा निवासी 25 वर्षीय विवेश्वर महतो के रूप में की गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कुए से युवक के शव को निकालकर थाना ले गई. इस संबंध में तिरुलडीह थाना प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि मृतक युवक बुधवार से अपना घर से लापता था. शनिवार की रात करीब 9 बजे कुआं से उसका शव बरामद किया गया. प्रथम दृष्टिकोण से यह हत्या का मामला लग रहा है. पुलिस हर पहलू पर छानबीन कर रही है. वही थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. वहीं मृतक के बड़े भाई शिवेश्वर महतो ने कहा कि बुधवार से ही उसका भाई घर से गायब था. अपने स्तर से काफी खोजबीन करने के बावजूद भी उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया था. शनिवार शाम करीब 5:00 बजे मृतक के पिता ठाकुर दास महतो ने बकरी चराने के दौरान देखा कि कुएं में एक युवक का शव तैर रहा है. जिसके बाद इसकी सूचना ग्रामीण व पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकाल कर अपने कब्जे में ले लिया. जिसे रविवार को पोस्टमार्टम के लिए सारकेला भेज दिया जाएगा.






