
जमशेदपुर : बीते रविवार को सरायकेला-खरसावां जिला के सरायकेला थाना अंतर्गत बीरबांस गांव के युवक की हत्या के विरोध में मंगलवार को हजारों की संख्या में ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर टाटा- सरायकेला मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए हैं. उधर युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद पहुंच चुका है, लेकिन ग्रामीण ना शव ले रहे ना ही किसी से बातचीत करने को तैयार हैं. ग्रामीणों का कहना है कि हत्यारों की 24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई है, जो पुलिस प्रशासन की नाकामी को दर्शाती है.
उन्होंने साफ कर दिया है कि हत्यारों की गिरफ्तारी और उचित मुआवजा जब तक नहीं किया जाएगा, तब तक जाम नहीं हटेगा. फिलहाल भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है. आपको बता दें कि बीते रविवार को बिरबांस गांव के युवक बुद्धेश्वर कुंभकार नामक 22 वर्षीय युवक की जमीन माफियाओं ने हत्या कर दी थी. जिसके बाद से लगातार ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. हालांकि पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य अभियुक्त अभी पुलिस की पकड़ से दूर है. जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. ग्रामीणों का कहना है कि जबतक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
कल खरसावां विधायक ने मारे गए युवक को बताया था जेएमएम का सक्रिय सदस्य, आज रहे नदारद
कल खरसावां विधायक ने मारे गए युवक को झारखंड मुक्ति मोर्चा का सक्रिय सदस्य बताया था. लेकिन आज ग्रामीणों के प्रदर्शन के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा का ना कोई कार्यकर्ता नजर आया ना ही विधायक, जबकि डेढ़ घंटे से भी ज्यादा समय से सड़क जाम है. और सुबह से ही ग्रामीण मुआवजा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. वही भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव और भाजपा नेता गणेश महाली अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच चल रही वार्ता का जायजा लेते नजर आए. उदय सिंह देव ने झारखंड सरकार को लॉ एंड ऑर्डर के मामले में पूरी तरह से विफल बताया. उन्होंने कहा कि जब से झारखंड में सत्ता परिवर्तन हुआ है अपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है. वही उन्होंने बताया कि क्षेत्र में भू- माफियाओं का आतंक सर चढ़कर बोल रहा है इसके लिए उन्होंने स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है.






