जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में सुरक्षाकर्मियों को गच्चा देकर कंपनी परिसर में घुसने वाले युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है. पकड़ा गया युवक को पकड़ने के बाद गहन पूछताछ की गयी, जिसमें यह पाया गया कि उसकी मंशा कोई आपराधिक नहीं है. वह सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर सालडीह बस्ती का रहने वाला मुन्ना मेलगांडी है, जिसने पूछताछ में बताया कि वह जुबिली पार्क में अपने परिवार को छोड़ने आया था. परिवार वहां घुमने गया और वह वापस आदित्यपुर जा रहा था कि वह कंपनी परिसर में गलती से घुस गया. (नीचे भी पढ़े)
उसने लिखित तौर पर माफी मांगा है और कहा है कि वह गलती से कंपनी परिसर में घुसा था. इसके बाद उसको कंपनी से बाहर छोड़ दिया गया है. इस बीच टाटा स्टील की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि टाटा स्टील के एल टाउन गेट से दोपहर 1.50 बजे जब बी शिफ्ट के कर्मचारी जा रहे थे, तब एक कर्मचारी की बाइक के लिए जब बैरियर उठा, तब उक्त व्यक्ति भी अपनी गाड़ी सटाकर अंदर घुस गया. जब तक सुरक्षाकर्मी रोकते तबतक वह करीब 400 मीटर अंदर तक चला गया था. बाद में क्यूआरटी की टीम ने उसको रोका और पूछताछ की, जिसके बाद उसकी पहचान और सारी जानकारी मिली. काफई देर तक पूछताछ के बाद उसको छोड़ दिया गया क्योंकि उसकी मंशा कोई आपराधिक नहीं थी.














