रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : चक्रधरपुर क्षेत्र के शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है. विधायक सुखराम उरांव के प्रयासों से जेएलएन कॉलेज चक्रधरपुर के नए भवन निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 88,92,50,000 (अठ्ठासी करोड़ बेरानवे लाख पचास हजार रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
यह महाविद्यालय कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा के अंतर्गत अंगीभूत कॉलेज है. लंबे समय से कॉलेज के लिए आधुनिक और विस्तृत भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे लेकर विधायक सुखराम उरांव लगातार प्रयासरत थे. सरकार द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद विधायक सुखराम उरांव ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से चक्रधरपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी. (नीचे भी पढ़ें)
नया भवन बनने से कॉलेज में आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा को और मजबूती मिलेगी. विधायक ने कहा कि शिक्षा के विकास के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे और क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है.







