रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : ईद के पावन अवसर पर चक्रधरपुर की विभिन्न मस्जिदों में अकीदतमंदों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर नमाज अदा की. सुबह से ही मस्जिद परिसरों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा शहर खुशी व उत्साह के माहौल से सराबोर रहा. नमाज के दौरान तकबीर की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा. (नीचे भी पढ़ें)

गले मिलकर दी मुबारकबाद, अमन-चैन की मांगी दुआ : नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. इस दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खास उत्साह देखने को मिला, जिससे पर्व की रौनक और बढ़ गई. (नीचे भी पढ़ें)

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद : ईद के मौके पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. जामा मस्जिद से लेकर चक्रधरपुर पवन चौक एवं विभिन्न चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पवन चौक पर एसडीएम पोड़ाहाट श्रुति राज लक्ष्मी, अंचलाधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा, बीडीओ कंचन मुखर्जी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहे. प्रशासन की मुस्तैदी के बीच नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. ईद के इस पावन अवसर पर लोगों ने आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश दिया, जो क्षेत्र में सामाजिक समरसता का प्रतीक बना.












