जमशेदपुर : घाटशिला उपचुनाव में भाजपा ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है. शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विपक्ष के पूर्व नेता अमर बाउरी, पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, विधायक भानु प्रताप शाही, बड़कुंवर गगरई समेत कई दिग्गज नेताओं ने चुनाव प्रचार किया. पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड सह प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा नेता सुरेश साव, स्थानीय मुखिया दुलारी सोरेन ने शनिवार को घाटशिला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में तेरेंगा पंचायत के तालडीह टोला में जनसम्पर्क किया. इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की सबसे बड़ी समस्या हेमन्त सोरेन है वे जबतक सत्ता में रहेंगे समस्या बनी रहेगी. उन्होंने कहा कि राज्य में लूट मची हुई है, घुसपैठियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और आदिवासी की ज़मीन पर कब्जा हो रहा है. बेरोज़गारी चरम पर है. श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड में चारों ओर भ्रष्टाचार का बोल बाला है. उन्होंने यहा से बाबूलाल सोरेन को जिताने की अपील की. (नीचे भी पढे़ं)
मुखिया दुलारी सोरेन ने कहा कि हेमन्त सोरेन के सरकार में महिलाओं की असुरक्षा हो रही है. भाजपा नेता सुरेश साव ने कहा कि झारखंड में हेमन्त सरकार का कार्यकाल पूरा नहीं होने से पहले लोग परिवर्तन की बात करने लगे हैं और यह परिवर्तन घाटशिला विधानसभा के उपचुनाव में दिखाई देगा. भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने धालमूढ़गढ़ के जुनबनी, मौदासोली, चुकरीपाड़ा, रावताड़ा, जुगीसोल में जनसंपर्क अभियान चलाया. इस अवसर पर आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपमानित किया है, उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाया है, घाटशिला की जनता उनके अपमान का बदला जरूर लेगी. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मातो से जिताने की अपील की. इस अवसर पर गौर चंद्र पत्रा, चंदन मुंडा सहित कई उपस्थित थे. झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने पूर्वी बदिया, पश्चिमी बदिया, कुइली, गोहला, पारुलिया में जनसंपर्क अभियान चलाया. इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार जब से बनी है तब से इस सरकार में ना दलित सुरक्षित है और ना आदिवासी. इस प्रदेश में दलित आदिवासी की शोषण, हत्या की घटना में लगातार वृद्धि हो रही है, क्या इसी दिन के लिए झारखंड के दलित आदिवासी ने हेमंत सोरेन की सरकार बनाया था, इसका जवाब घाटशिला की जनता जरूर देगी. इस अवसर पर दिनेश साव सहित कई लोग उपस्थित थे. (नीचे भी पढे़ं)
झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता बड़कुंवर गगराई ने बाघुड़िया, जोडिसा, हेंडलजूड़ी में जनसंपर्क अभियान चलाया. इस मौके उन्होंने कहा की चाईबासा की घटना ने हेमंत सोरेन की सरकार का आदिवासी विरोधी चेहरा उजागर हुआ है. आदिवासी युवा अपने सही मांगो को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे उसपर लाठी चार्ज कर घायल करना, सैकड़ो लोगो के ऊपर एफआइआर करना, यह बताता है हेमंत सरकार आदिवासी विरोधी है। आदिवासी समाज इसका बदला जरूर लेगा. झारखंड सरकार में पूर्व स्वास्थ मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने उतरी मउभंडार, पश्चिमी मउभांडार, पूर्वी मउभांडार, गोपालपुर और धर्मबहाल में जनसंपर्क किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ठगो की सरकार है. प्रति वर्ष पाँच लाख युवाओं को नौकरी देने का झूठे वादा करने वाली, झारखंड के बेरोजगार युवकों को बेरोजगारी भत्ता देने का झूठ वादा करने वाली, प्रश्नपत्र लीक कर युवाओ के सपनों को तोड़ने वाली सरकार में, छात्र- युवा के ऊपर लाठीचार्ज और एफआइआर करने वाली युवा विरोधी सरकार का चेहरा उजागर हुआ है, राज्य के युवा समझ चुके है की ये धोखेबाज सरकार में उनका भविष्य अंधकारमय है.




