जमशेदपुर: जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ऑनर यूनियन ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है. यूनियन के सदस्य टाटा स्टील के बर्मामाइंस पार्किंग गेट के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठे है. आंदोलन कर रहे यूनियन के सदस्यों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से ड्राइवरों द्वारा कंपनी प्रबंधन के समक्ष उनकी मांगों को उठाया जा रहा था, लेकिन इन मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. ड्राइवरों के मुख्य रूप से भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन, मेडिक्लेम की सुविधा, छुट्टी का पेमेंट और वाहन मालिकों के रेट में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी की मांग की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
इस हड़ताल में लगभग डेढ़ हजार ड्राइवरों ने हिस्सा लिया है और अपने वाहन का स्टीयरिंग छोड़कर आंदोलन में शामिल हो गए हैं. हड़ताल के कारण कई वाहनों का संचालन बंद हो गया है, जिससे टाटा स्टील के उत्पादन के साथ-साथ सीआरएम बारा, टीएसडीपीएल, टाटा टिनप्लेट और अन्य सहायक इकाइयों पर भी असर पड़ा है. यूनियन के अध्यक्ष जय किशोर सिंह ने कहा कि यह आंदोलन ड्राइवरों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा. इस दौरान पार्किंग स्थल पर गहमागहमी का माहौल था, जहां कंपनी के अधिकारी और वेंडर भी मौके पर पहुंचे.














