जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआइ) के अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में चैंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की. मुलाकात के दौरान दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं जाम मुक्त बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. मानव केडिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर के बाजारों में खरीदारी करने, पूजा-पंडालों में जाने तथा रिश्तेदारों एवं परिचितों के घर आने-जाने के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस को हेलमेट जांच के साथ-साथ यातायात के सुचारु संचालन, जाम से मुक्ति एवं प्रमुख चौराहों पर वाहनों के बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि आम नागरिक एवं व्यापारी बिना किसी परेशानी के त्योहार मना सकें. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने सुझाव दिया कि त्योहारों के दौरान परिवार के साथ दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों से निकलने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाए तथा यातायात नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही सुगम रहना आवश्यक है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों. प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से बिष्टुपुर के वोल्टास गोलचक्कर, गोपाल मैदान गोलचक्कर एवं जुस्को गोलचक्कर, जुगसलाई के चौक बाजार एवं स्टेशन रोड, साकची गोलचक्कर तथा मानगो क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या पर चर्चा की. इन स्थानों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन एवं आवश्यकतानुसार विशेष व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया, ताकि त्योहारों के दौरान आम जनता को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि चैंबर द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया. इस प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), सचिव विनोद शर्मा तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्य उमेश खिरवाल एवं अमित संघी शामिल थे.




