देवघर: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर आयेंगे. उनके आगमन को लेकर एम्स देवघर और बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट (बीबीएमटी) अस्पताल में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. निर्धारित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सुबह 10:10 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां स्वागत के बाद सड़क मार्ग से एम्स जायेंगे और दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद बीबीएमटी अस्पताल में आयोजित सेवा संपर्क मेले में हिस्सा लेकर दोपहर 2:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे.उपराष्ट्रपति सुबह 8 बजे उपराष्ट्रपति भवन से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. सुबह 8:20 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से देवघर के लिए उड़ान भरेंगे. सुबह 10:10 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचने पर स्वागत एवं परिचय का कार्यक्रम होगा. सुबह 11 बजे एम्स देवघर पहुंचेंगे. यहां समूह फोटोग्राफी के बाद दीक्षांत समारोह की प्रक्रिया शुरू होगी.(नीचे भी पढ़े)
सुबह 11:08 बजे दीक्षांत समारोह की शोभायात्रा सभागार की ओर बढ़ेगी. इसके बाद वंदे मातरम और राष्ट्रगान होगा. सुबह 11:13 बजे दीप प्रज्ज्वलन किया जायेगा. 11:14 बजे एम्स के कार्यकारी निदेशक एवं सीइओ प्रो डॉ नितिन एम गंगाने स्वागत भाषण के साथ संस्थान की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे. 11:19 बजे उपराष्ट्रपति सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का अभिनंदन होगा.सुबह 11:20 बजे एम्स अध्यक्ष प्रो. डॉ एमवी पद्मा श्रीवास्तव दीक्षांत समारोह के प्रारंभ की घोषणा करेंगी. इसके बाद डिग्री पाने वाले अभ्यर्थियों का प्रस्तुतीकरण होगा. सुबह 11:23 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और 11:28 बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार संबोधित करेंगे. सुबह 11:33 से 11:47 बजे तक 11 पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे. इसके बाद 11:50 बजे समारोह समापन की घोषणा और 11:52 बजे उपराष्ट्रपति का संबोधन निर्धारित है. कार्यक्रम के अंत में नशामुक्ति की शपथ दिलायी जायेगी. दोपहर 12 बजे उपराष्ट्रपति एम्स से रवाना होंगे.




