घाटशिला : झारखंड श्रमिक संघ के अध्यक्ष काजल डॉन के नेतृत्व में मंगलवार को हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड मऊभंडार इकाई के कार्यपालक निदेशक अनुपस्थिति में एचआर हेड अर्जुन लोहारा को एक ज्ञापन सौंपा. इस मौके पर झारखंड श्रमिक संघ के अध्यक्ष काजल डॉन ने बताया कि 20 जुलाई 2024 को ही यह संघ के द्वारा ज्ञापन प्रबंधन को दिया गया था, जिसमें नॉमिनी मजदूरों को हर महीने 26 दिन काम देने, पूर्व में कार्यरत सभी नॉमिनी मजदूरों को फिर से काम पर लेने और मजदूरों के लिए सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की मांग की गयी थी. हालांकि, इस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि केंद्रीय एवं राज्य सरकार के प्रयासों से हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की माइंस सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं, और इन माइंस में विभिन्न कार्यों के लिए मजदूरों की आवश्यकता होगी. ऐसे में संघ की मांग है कि सभी नॉमिनी मजदूरों को प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने कहा कि पूर्व में मजदूर हित में मंत्री रामदास सोरेन और सांसद विद्युत वरण महतो ने आश्वासन दिया था कि मऊभंडार के मजदूरों को काम दिए बिना तांबा अयस्क की एक भी दाना बाहर नहीं जाने दी जाएगी. झारखंड श्रमिक संघ ने प्रबंधन को 15 दिनों के भीतर उचित निर्णय लेने का अल्टीमेटम दिया है, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में शांति बनी रहे और मजदूरों को उनका हक मिल सके. मौके पर मृत्युंजय यादव, प्रताप दास, कमल दास, शंभू जेना, मदन मुर्मू, मंटू माहली, आजाद बेहरा आदि उपस्थित थे.














